रांची। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई अगले दो-तीन दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों से शुरू होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल चार अक्टूबर तक रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा।
मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम साफ और शुष्क रहा। बोकारो और चाईबासा में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रांची में अधिकतम तापमान सामान्य रहा। राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री कम दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में सरायकेला में राज्य का सर्वाधिक तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान रांची के नामकुम में 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। इसके चलते दिन में हल्की गर्मी और उमस महसूस की गई। हालांकि दोपहर बाद बीच-बीच में आसमान में बादल छाए रहे।
राजधानी रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 24.2 डिग्री, डालटनगंज में 33.8 और 24 डिग्री, बोकारो में 33.5 और 23.4 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।—