रांची। राजधानी रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में ओल्ड पेंशन स्कीम और सेवा शर्तों की मांग को लेकर सुलग रहा असंतोष फिलहाल निदेशक के आश्वासन के बाद थम गया है। रिम्स अराजपत्रित कर्मचारी संघ के उग्र तेवर और प्रदर्शन को देखते हुए प्रबंधन ने तुरंत मोर्चा संभाला, जिसके बाद कर्मचारियों ने अपना अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन फिलहाल स्थगित करने का ऐलान कर दिया है। इस फैसले से अस्पताल प्रशासन और मरीजों ने राहत की सांस ली है।
अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों का गुस्सा पिछले कई दिनों से उबल रहा था। मुख्य प्रदर्शन पर उतरने से पहले कर्मियों ने 24 से 28 सितंबर तक हाथों में काला बिल्ला बांधकर अपने विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद जब मांगें पूरी नहीं हुईं, तो सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी प्रशासनिक भवन के बाहर धरने पर बैठ गए।
उनकी मुख्य मांगें पुरानी पेंशन योजना की बहाली के साथ-साथ समय पर नियुक्ति और पारदर्शी प्रोन्नति नियमावली तैयार करना थीं।स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए रिम्स निदेशक खुद सीधे धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों से संवाद स्थापित किया। प्रबंधन के इस सकारात्मक रुख और मांगों पर विचार करने के ठोस आश्वासन के बाद कर्मचारी संघ ने फिलहाल आंदोलन को विराम देने का निर्णय लिया। निदेशक की इस पहल से फिलहाल रिम्स परिसर में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है।