रामगढ़:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज (27 नवंबर) अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचेंगे। यहां वे लुकैयाटांड़ में बलिदानी सोबरन मांझी के बलिदान दिवस समारोह में शामिल होंगे और अपने दादा सोबरन मांझी तथा दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर पर एक विशाल मेला और विकास शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री के अलावा राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे। समारोह को लेकर क्षेत्र में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विकास मेले में मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
इस विकास मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही, पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
बलिदानी सोबरन मांझी का योगदान
सोबरन मांझी पेशे से शिक्षक थे और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पिता तथा हेमंत सोरेन के दादा थे। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से आदिवासी और मूलवासी समाज को जागरूक करने का कार्य किया। 27 नवंबर 1957 को लुकैयाटांड़ में महाजनों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई थी, जब वे महाजनी शोषण और सूदखोरी के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। सोबरन मांझी का बलिदान झारखंड अलग राज्य आंदोलन और ‘जल-जंगल-जमीन’ के अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रेरणा बना। लुकैयाटांड़ में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा के ऊपर छज्जे का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है।





