रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में झारखंड प्रशासनिक सेवा के संयुक्त सचिव पद पर नवप्रोन्नति प्राप्त अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर, अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का आश्वासन दिया। इस मुलाकात में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित थे।

सीएम ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी नवप्रोन्नत अधिकारियों को संयुक्त सचिव बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियों को ईमानदारी और संवेदनशीलता से निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जनहित, सुशासन और विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है, जिससे अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचाएं और प्रशासन को और मजबूत बनाएं।

अधिकारियों ने जताया आभार

नवप्रोन्नत अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उनकी प्रोन्नति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे और जनता की सेवा को अपनी प्राथमिकता बनाए रखेंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले अधिकारियों में प्रवीण प्रकाश, विद्या भूषण कुमार, सचिंद्र बड़ाईक, प्रेम तिवारी, सत्यवीर रजक, सुमन पाठक, अमित बेसरा, महेंद्र कुमार, मोनी कुमारी, मोनिका रानी टूटी, रंजीत लोहरा, विजय विरुआ, मनीषा तिर्की, एनी सरोजिनी तिर्की और गीतांजलि शामिल थीं।