बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय यह तूफान पिछले छह घंटों में 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, बुधवार से एक नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, आंधी और वज्रपात की आशंका जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है, और इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान में वृद्धि
मंगलवार को पटना समेत बिहार के 21 जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुपौल में 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। भोजपुर जिले में मंगलवार को 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। पटना और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलने से हल्की गर्मी बनी रही, हालांकि सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड का एहसास जारी रहा।
