यह सर्वे डहर एप के माध्यम से घर-घर जाकर किया जाएगा
रांची। झारखंड के स्कूली बच्चों की शिशु पंजी अपडेट करने के लिए आज से हाउस होल्ड सर्वे शुरू हो गया है। सर्वे को 25 जनवरी तक पूरा करना होगा। छह से 18 साल के बच्चों का सर्वे होगा। यह सर्वे डहर एप के माध्यम से घर-घर जाकर किया जाएगा। हाउस होल्ड सर्वे प्राथमिक स्कूलों के शिक्षक करेंगे। स्कूल पोषक क्षेत्र में पड़ने वाले सभी घरों को शिक्षकों के बीच बांटा जाएगा। जिस शिक्षक के हिस्से में जितने घर मिलेंगे वे उन्ही घरों जाकर सर्वे करेंगे और डहर एप में उसे अपलोड करेंगे। सर्वे के दौरान शिक्षक सामाजिक दूरा का पालन करेंगे और मास्क व सेनेटाइजर का उपयोग करेंगे। इसके लिए स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने निर्देश जारी कर दिया है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की राज्य परियोजना निदेशक किरण कुमारी पासी ने सभी जिलों से कहा है कि सात जनवरी से 25 जनवरी तक बच्चों की शिशु पंजी अपडेट करने के लिए हाउस होल्ड सर्वे होना है। सात से 10 जनवरी तक शिशु पंजी अपडेट करने की जानकारी शिक्षकों को दे दी जाए, ताकि इसमें उन्हें परेशानी न हो। स्कूल के पोषक क्षेत्र के घरों का हाउस होल्ड सर्वे नहीं करने वाले प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों पर कार्रवाई भी की जाएगी। शिक्षक अपने मोबाईल पर डहर एप डाउनलोड करेंगे और उस पर बच्चों की जानकारी अपडेट करेंगे।