बेटिंग ऐप से जुड़े मामले में कई सितारों की संपत्तियां जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में एक बड़ा कदम उठाते हुए उर्वशी रौतेला, पूर्व टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा समेत कई अन्य अदाकारीयों की संपत्तियां जब्त की हैं। जानकारी के अनुसार, क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद, नेहा शर्मा और अन्य को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया है।
करोड़ों की संपत्तियां जब्त
ईडी ने 1*Bet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में युवराज सिंह की 2.5 करोड़ रुपए, रॉबिन उथप्पा की 8.26 लाख रुपए, उर्वशी रौतेला की मां की 2.02 करोड़ रुपए, सोनू सूद की 1 करोड़ रुपए, मिमी चक्रवर्ती की 59 लाख रुपए, और अंकुश हाज़रा की 47.20 लाख रुपए की संपत्ति अटैच की है।
यह जांच खासतौर पर अवैध बेटिंग ऐप्स से जुड़ी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि इन सितारों ने लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की है या बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की है।
कंपनी का दावा है कि 1*Bet एक वैश्विक मान्यता प्राप्त बुकी है, जो पिछले 18 सालों से बेटिंग इंडस्ट्री में सक्रिय है, और इसके ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं। कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं।
कुल 7.93 करोड़ की संपत्तियां अटैच
इस कार्रवाई में कुल 7.93 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की गई हैं। इससे पूर्व, ईडी ने शिखर धवन की 4.55 करोड़ रुपए और सुरेश रैना की 6.64 करोड़ रुपए की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की थी। अब तक इस मामले में ईडी ने कुल 19.07 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की हैं।
क्या था पूरा मामला
ईडी की जांच में यह बात सामने आई कि 1*Bet और इसके अन्य ब्रांड्स, जैसे 1*Bat और स्पोर्टिंग लाइंस, भारत में बिना किसी अनुमति के ऑनलाइन बेटिंग और जुए का धंधा चला रहे थे।
जांच के मुताबिक, इन सेलिब्रिटीज ने विदेशी कंपनियों से एंडोर्समेंट के लिए समझौते किए थे और 1*Bet के प्रचार के लिए वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए विज्ञापन में भाग लिया। ईडी ने यह भी बताया कि इनसे प्राप्त धन सीधे भारत में नहीं भेजा गया, बल्कि विदेशी रास्तों से घुमाकर भेजा गया, जिससे असली स्रोत का पता न चल सके। यह पैसा अवैध बेटिंग से उत्पन्न किया गया था, जिसे उचित दिखाने के लिए फर्जी समझौतों का सहारा लिया गया था।
