रांची: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के जनसंचार विभाग के डॉ. सुदर्शन यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और राज्य का नाम रोशन किया है। उन्हें FIPRESCI-India की राष्ट्रीय सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षा प्रतियोगिता 2026 में सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि डॉ. यादव को लगातार दूसरे वर्ष इस प्रतियोगिता में सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्हें यह पुरस्कार हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की समीक्षा लिखने के लिए मिला है। यह प्रतियोगिता हर साल FIPRESCI-India द्वारा आयोजित की जाती है, जो म्यूनिख, जर्मनी में स्थित इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म क्रिटिक्स की भारतीय शाखा है।
फिल्म स्टडीज में डॉ. यादव का योगदान
डॉ. सुदर्शन यादव पिछले 14 वर्षों से झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय में फिल्म स्टडीज का अध्यापन कर रहे हैं। उन्होंने झारखंड के प्रख्यात फिल्मकारों मेघनाथ, बीजू टोप्पो और श्रीप्रकाश पर नेशनल फिल्म आर्काइव ऑफ इंडिया (NFAI), पुणे के लिए मोनोग्राफ लिखा है, जिसे राज्य के किसी फिल्मकार पर लिखी गई पहली विस्तृत पुस्तक माना जाता है।
महत्वपूर्ण आयोजन
डॉ. यादव ने वर्ष 2018 में झारखंड का पहला बाल फिल्म महोत्सव आयोजित किया था। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2025 में उन्होंने झारखंड सरकार के डायरेक्टरेट ऑफ टूरिज्म के लिए राज्य की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 दिवसीय कंटेंट क्रिएशन कार्यशाला का आयोजन भी किया था।
