जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल में भर्ती एक 10 वर्षीय बच्चा सेरेब्रल मलेरिया के कारण गंभीर स्थिति में है। अस्पताल के शिशु रोग विभाग के प्रमुख डॉ. केके चौधरी के अनुसार, राहुल को पिछले एक सप्ताह से तेज बुखार, सिरदर्द और लगातार उल्टी की समस्या थी। स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बावजूद जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो परिजनों ने उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।

गंभीर स्थिति में भर्ती

अस्पताल में भर्ती करने के बाद, डॉक्टरों ने राहुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआइसीयू) में स्थानांतरित किया। जांच के दौरान ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई, जिसके बाद से उसे 21 अक्टूबर से वेंटिलेटर पर रखा गया है। चिकित्सकों की एक टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है, लेकिन अभी तक उसके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ है।