रांची:  धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उनकी जन्मस्थली उलिहातू से राष्ट्रीय जनजातीय गौरव यात्रा का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय पदयात्रा को भगवान बिरसा मुंडा के वंशज ने पारंपरिक झंडा दिखाकर रवाना किया। यात्रा की शुरुआत में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, और पूर्व विधायक रामकुमार पाहन सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

भगवान बिरसा मुंडा का रथ यात्रा का प्रमुख आकर्षण

इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण भगवान बिरसा मुंडा का विशेष रथ है, जिस पर उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। यह रथ धरती आबा के संघर्ष और गौरवशाली इतिहास का संदेश लेकर यात्रा के साथ आगे बढ़ेगा। यात्रा के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जनजातीय गौरव और भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को बढ़ावा

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्षों और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है। यात्रा के माध्यम से जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और उनके बलिदान को याद किया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के शोषण के खिलाफ ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया था, और उनका संघर्ष आज भी जनजातीय समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी जयंती को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है।