रांची:
राजधानी रांची में लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 और 16 नवंबर को शहर में यातायात में विशेष बदलाव किया जाएगा। यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है, जिसके अंतर्गत निर्धारित समय में शहर में मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

मालवाहक वाहनों का रिंग रोड से आवागमन

यातायात पुलिस के आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को भोर के 2 बजे से सुबह 10 बजे तक मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश नहीं होगा। इन वाहनों को रिंग रोड के रास्ते आवागमन करना होगा। इसके अलावा, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों का परिचालन भी रोक दिया जाएगा। पुलिस ने जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

15 नवंबर को कई मार्गों पर वाहन प्रतिबंधित

छठ पर्व के दौरान 15 नवंबर को शहर के विभिन्न मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चांदनी चौक से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। अलबर्ट एक्का चौक से चडरी तालाब, रणधीर वर्मा चौक से राजभवन, और सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम जाने वाले मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके अलावा, औघड़ बाबा आश्रम, छोटा तालाब, और उर्दू लाइब्रेरी से बड़ा तालाब जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।