रांची | बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातु के टोंटे चौक स्थित अखड़ा के पास बीते छह जून की देर शाम बिट्टू खान उर्फ तनवीर आलम की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. एसएसपी किशोर कौशल के निर्देश पर गठित पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल दो अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है. एसएसपी आज मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा करेंगे.
बिट्टू खान पर कुख्यात गैंगस्टर कालू लामा की रेकी कर हत्या कराने का आरोप लगा था. उस दौरान बिट्टू खान को गिरफ्तार कर लिया गया था. वह हत्या से छह महीने पहले ही जेल से बाहर आया था. कालू लामा गैंग के सदस्यों से बचने के लिये अपराधी बिट्टू खान एदलहातु छोड़ चुका था. जेल से छूटने के बाद से ही वह रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में रहने लगा था. बताया जा रहा था कि हत्या से दस दिन पहले से वह फिर से सुबह और शाम में एदलहातू स्थित अपने आवास जाता था. जिसकी जानकारी लामा गिरोह को हो गयी थी. जिसकी बाद रेकी कर उसकी हत्या कर दी गयी.
गौरतलब है कि 27 जनवरी 2022 को मोरहाबादी मैदान के समीप कुख्यात कालू लामा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. लव कुश शर्मा गिरोह द्वारा कालू लामा की हत्या करवायी गयी थी. बिट्टू खान पर आरोप था कि उसी ने रेकी कर अपराधियों को यह बताया था कि कालू लामा मोराबादी स्थित शिबू सोरेन के आवास के पास बैठा हुआ है, जिसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में फरवरी 2022 में पुलिस ने बिट्टू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!