राजधानी के साढ़े तीन लाख घरों में 16 अगस्त से नि:शुल्क स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाना शुरू हो जाएगा। इसके लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में रांची के 30 हजार घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। इसकी शुरुआत मेन रोड और अपर बाजार इलाके से होगी। इसके लगने के बाद उपभोक्ताओं को मैनुअली बिजली बिल मिलने का झंझट खत्म हो जाएगा। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगवाने के लिए जल्द ही उपभोक्ता बिजली विभाग की वेबसाइट पर अॉनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बता दें कि बीते कई वर्षों से वर्ल्ड बैंक की सहायता से राज्य में स्मार्ट प्रीपेड मीटर योजना पर कार्य चल रहा है।
प्रीपेड मीटर मोबाइल नंबर की ही तरह काम करेगा
इसे भी मोबाइल नंबर की तरह रिचार्ज कराना होगा। उपभोक्ता को बिजली इस्तेमाल करने के लिए पहले रिचार्ज कराना होगा। जैसे ही बैलेंस खत्म होने वाला रहेगा, उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल पर मैसेज मिलेगा। अगर उपभोक्ता रिचार्ज नहीं कराता है तो उसे बिजली आपूर्ति रोक दी जाएगी।
प्रीपेड मीटर उपभोक्ता के मोबाइल एप से जुड़ा रहेगा। एप को उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर से डाउन लोड कर सकेगे। बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अनुसार प्रीपेड स्मार्ट मीटर पर उपभोक्ता को मौजूद रीडिंग, शेष बिजली बिजली बिल की भी जानकारी मिलेगी, ताकि किसी भी तरह की परेशानी उपभोक्ताओं को नहीं हो।