रांची। राजधानी रांची के बरियातू थाना स्थित मोरहाबादी मंडा बगीचा में रविवार देर रात करीब दो बजे शराब पार्टी के दौरान आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह वारदात नशे में हुई कहासुनी का परिणाम हो सकता है, क्योंकि मैदान में हर दिन रात होते ही नशेड़ियो का जमावड़ा लगता है।
घटना में टोनी लोहरा नामक युवक बुरी तरह घायल हो गया। गोली उसके पेट में जा लगी, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कमड़े (रातू) निवासी टोनी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत रिम्स स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडा बगीचा इलाका असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। हर दिन की तरह रविवार रात भी यहां कई युवक इकट्ठा होकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते इतना गंभीर हो गया कि फायरिंग की नौबत आ गई। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक आरोपी युवक घटनास्थल से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी और बरियातू थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम आवश्यक साक्ष्य जुटाकर गोलीबारी में शामिल अन्य संदिग्ध युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश देखा जा रहा है ।वे चाहते हैं कि मंडा बगीचा जैसे संवेदनशील इलाके में पहले की तरह नियमित पुलिस गश्त और रात्रि निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि खुले में शराबखोरी और असामाजिक जमावड़ा बंद हो सके।








