मुंबई: बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता संजय दत्त ने सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश होकर अपने हालिया विवादित गाने ‘केडी: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ पर स्पष्टीकरण दिया। इस गाने में नोरा फतेही भी शामिल हैं, और इसे लेकर काफी आलोचना हुई है। गाने के बोल और वीडियो को अश्लील और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताने के कारण NCW ने संजय दत्त और नोरा फतेही को नोटिस जारी किया था।

‘सरके चुनर’ विवाद पर संजय दत्त ने NCW के समक्ष मांगी माफी

संजय दत्त के वकील हेमंत शाह ने मीडिया से बातचीत में जानकारी दी कि संजय दत्त को गाने के बोलों का सही अर्थ नहीं पता था, क्योंकि यह गाना एक अन्य भाषा में रिकॉर्ड किया गया था, जिसे वे समझते नहीं हैं। इसके बावजूद, उन्होंने महिलाओं और आयोग का सम्मान करते हुए बिना शर्त माफी मांगी। इसके साथ ही, संजय ने 50 लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाने का भी वादा किया है।

यह विवाद मार्च में गाने के रिलीज के साथ ही शुरू हो गया था। सोशल मीडिया पर गाने के बोल और डांस को लेकर लोगों ने तीखी आलोचना की। कई लोगों ने कहा कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। NCW ने इस मामले पर स्वतः संज्ञान लिया और गाने को अश्लील करार दिया। आयोग की अध्यक्ष विजया रहातकर की अगुवाई में इस मामले पर सुनवाई हुई, जिसमें महिलाओं की गरिमा को बनाए रखने पर जोर दिया गया।

संजय दत्त ने आयोग के सामने लिखित माफी भी प्रस्तुत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। वकील के अनुसार, संजय दत्त महिलाओं के प्रति सम्मान रखते हैं और इस मामले में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उल्लेखनीय है कि गाने को यूट्यूब से पहले ही हटा लिया गया था। यह घटनाक्रम बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा में महिलाओं के चित्रण को लेकर फिर से बहस को जन्म दे रहा है।