बोकारो: बोकारो के ललपनिया स्थित लुगुबुरू धाम में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव का आज अंतिम दिन है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ महोत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के आगमन पर महोत्सव में उपस्थित श्रद्धालुओं और लोगों के बीच उत्साह का माहौल बना रहा। 22 नवंबर से आरंभ हुए इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए हैं।
संथाली संस्कृति का उत्सव
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान लुगुबुरू धाम में आदिवासी संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। महोत्सव में मांदर की थाप, संथाली लोकगीत और पारंपरिक नृत्य से पूरा परिसर गूंज रहा है। विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु और कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए संथाल समाज की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित कर रहे हैं।
