खूंटी: झारखंड के हजारीबाग जिले में हाल ही में हुई बैंक लूट की घटना के मद्देनजर, खूंटी पुलिस ने जिले में बैंक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर “ऑपरेशन सतर्क” के अंतर्गत जिले के विभिन्न बैंकों का विशेष सुरक्षा ऑडिट किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने कुल 55 बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया।
पुलिस द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंकों में सुरक्षा को मजबूत करना और संभावित आपराधिक घटनाओं से बचाव करना है। हाल की बैंक लूट की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।
सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम की हुई जांच
ऑपरेशन सतर्क के दौरान, पुलिस अधिकारियों ने बैंकों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा गार्डों, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की विस्तृत जांच की। इसके साथ ही, बैंक परिसर और उसके आसपास संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस टीम ने यह सुनिश्चित किया कि बैंकों में सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। जिन शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाई गई, वहां संबंधित शाखा प्रबंधकों को सुधार के लिए शीघ्र निर्देश दिए गए।
पुलिस ने दिए जरूरी निर्देश
खूंटी पुलिस के अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें नियमित रूप से सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग, अलार्म सिस्टम को सक्रिय रखना, प्रवेश और निकासी बिंदुओं की निगरानी, और सुरक्षा गार्डों की सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस तरह के सुरक्षा ऑडिट और जांच अभियान जारी रहेंगे।
क्या था मामला
यह उल्लेखनीय है कि 24 अप्रैल को झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में करोड़ों रुपये की सोने और नकद की बड़ी लूट हुई थी। इस घटना के बाद राज्यभर में बैंक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। झारखंड पुलिस ने उत्तर प्रदेश स्पेशल टॉस्क फोर्स के साथ मिलकर इस मामले में अंतरराज्यीय बैंक लुटेरा गिरोह के तीन आरोपियों को वाराणसी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग एक किलो सोना, 20 लाख रुपये नकद, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किए थे।
हालिया घटनाओं के पश्चात, झारखंड पुलिस राज्यभर में बैंक और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरत रही है। पुलिस का मानना है कि नियमित सुरक्षा जांच और निगरानी से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
