रांची: तीन अभियुक्त गिरफ्तार, हत्या की साजिश का पर्दाफाश

पुलिस ने लगातार छापामारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवनाथ कुमार सिंह, अंगिता देवी और साहिल राजा के रूप में हुई है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर घटना में उपयोग किए गए एक हाईवा ट्रक और एक स्कूटी को बरामद किया गया है। इसके साथ ही तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

हत्या की योजना का खुलासा

पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक कमलेश कुमार की हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि शिवनाथ कुमार सिंह और उनकी पत्नी अंगिता देवी ने अपने घर पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद, शव को हाईवा वाहन से टाटीसिलवे क्षेत्र के मानकी डीपा रिंग रोड के निकट लाकर सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। साक्ष्य को छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे फेंककर उस पर वाहन का पहिया चढ़ा दिया गया था।