रांची : झारखंड में आज का मौसम अपेक्षाकृत परिवर्तनशील रहने की संभावना है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रहेगा। गरज-चमक के साथ हवाएं 40-60 किमी/घंटा की गति से चल सकती हैं। विशेष रूप से पूर्वी और मध्य झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, हजारीबाग, पलामू और दुमका जैसे जिलों में यह मौसम गतिविधियां अधिक देखने को मिल सकती हैं।

रांची और अन्य जिलों में बुधवार को आए तेज आंधी और बारिश के कारण मौसम में उल्लेखनीय बदलाव आया। पिछले कुछ दिनों से हो रही गर्मी से लोगों को राहत मिली है। दोपहर के समय अचानक बादल छा गए और जोरदार बारिश शुरू हो गई। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया।

तेज हवाओं और बारिश का प्रभाव जनजीवन पर भी पड़ा। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिरीं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा, बिजली के तारों के क्षतिग्रस्त होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में बाधा आई। इस मौसम परिवर्तन ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कुछ इलाकों में असुविधा भी बढ़ाई।

19 मई तक येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 19 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। विभाग ने राज्य के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में हुई भारी बारिश

राज्य में 13 मई को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा भी देखने को मिली। पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा में सर्वाधिक 52 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बादल छाने और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रांची के नामकुम में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम था।

अगले तीन दिनों में बढ़ेगा तापमान

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 17 और 18 मई को तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश और तेज हवा का क्रम बीच-बीच में जारी रह सकता है।