झारखंड पुलिस को मिलने जा रहे पांच नए आईपीएस अधिकारी
झारखंड पुलिस में जल्द ही पांच नए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी शामिल होंगे। राज्य पुलिस सेवा के डीएसपी रैंक के अधिकारियों का आईपीएस में प्रमोशन अब तय हो गया है, जिसका ऐलान नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की चयन समिति की बैठक में किया गया। हालांकि, अभी तक इन पांच अधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
प्रमोशन के लिए 12 अधिकारियों के नाम भेजे गए थे
जानकारी के अनुसार, झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस सेवा के 12 वरिष्ठ डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नाम यूपीएससी को प्रमोशन के लिए भेजे थे। इनमें शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर, मुकेश कुमार महतो, निशा मुर्मू, सुरजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार चौधरी, राहुल देव बड़ाईक, खीस्टोफर केरकेट्टा, प्रभात रंजन बरवार, अनूप कुमार बड़ाईक, समीर कुमार तिर्की और हीरालाल रवि शामिल हैं।
आईपीएस अधिकारियों की संख्या बढ़कर होगी 150
झारखंड में वर्तमान में 145 आईपीएस अधिकारी हैं, जिनमें से 42 अधिकारियों ने राज्य पुलिस सेवा से प्रमोट होकर आईपीएस संवर्ग में प्रवेश किया है। पांच नए अधिकारियों के शामिल होने से राज्य में आईपीएस अधिकारियों की कुल संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी, जबकि यहां कुल 158 स्वीकृत पद हैं। हालांकि, प्रमोशन के बाद भी आठ पद रिक्त रहेंगे। आने वाले समय में कुछ अधिकारियों के रिटायर होने से रिक्त पदों की संख्या में बदलाव संभव है।
