रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को राज्य मंत्रालय में उद्योग विभाग की योजनाओं और परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि औद्योगिक विकास के कार्यों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाएं। उन्होंने कहा कि उद्योगों का विकास राज्य की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री सोरेन ने राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निवेशकों को आकर्षित करने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाने चाहिए। इस बैठक में विभागीय मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव अरवा राजकमल, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह, निदेशक विशाल सागर, निदेशक प्रीति रानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

झारक्राफ्ट में नवाचार और बाजार आधारित उत्पादों पर जोर

बैठक के दौरान झारक्राफ्ट की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने नवाचार और रचनात्मकता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि बाजार की आवश्यकताओं के अनुसार उत्पादों का विकास किया जाए और युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़ा जाए। इसके साथ ही, उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री को पर्यटन स्थलों से जोड़ने का सुझाव दिया गया। मुख्यमंत्री ने झारखंड की समृद्ध कला और संस्कृति से जुड़े उत्पादों को आधुनिक रूप में विकसित करने और भविष्य के लिए ठोस कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।

पारंपरिक शिल्पकारों को बाजार से जोड़ने का निर्देश

माटी कला बोर्ड की गतिविधियों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पारंपरिक शिल्पकारों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये परंपरागत व्यवसाय राज्य की सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा हैं, लेकिन आधुनिक तकनीक और औद्योगिक उत्पादों के बढ़ते प्रभाव के कारण इनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि माटी कला बोर्ड इन कारीगरों की पहचान, प्रशिक्षण, और क्षमता निर्माण के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि उनके उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार हो सके। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि लकड़ी और मिट्टी से बने उत्पादों का झारक्राफ्ट के माध्यम से मूल्य संवर्धन किया जाए, जिससे इन्हें आकर्षक और बाजार के अनुरूप बनाया जा सके। इसके साथ ही, उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

लॉजिस्टिक पार्क और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रही प्रमुख औद्योगिक अवसंरचना परियोजनाओं, खासकर लॉजिस्टिक पार्क और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का समय पर और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन होना चाहिए, ताकि राज्य में उद्योगों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं मजबूत हो सकें।