गढ़वा
झारखंड के गढ़वा में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से भी घाटों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।

छठ घाटों की तैयारियों का निरीक्षण

गढ़वा शहर के दानरो नदी स्थित विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शनिवार को उपायुक्त मिश्रा ने स्टूडेंट्स क्लब, फ्रेंड्स क्लब, जय देवी संघ, टी. ग्रुप, सूर्या क्लब, दीपूवां, सहिजना और कल्याणपुर सहित कई घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सभी घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया। साथ ही, घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, सजावट और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर ध्यान

उपायुक्त ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने नदी और तालाबों में डूबने से बचाने के लिए गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही, छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दिया। उपायुक्त ने जिले के सभी अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों का निरीक्षण कर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया।