गढ़वा: 
गढ़वा समाचार:
झारखंड के गढ़वा जिले में एक युवक पर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। युवक ने भागकर अपनी जान बचा ली, जबकि यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह घटना गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में हुई, जहां पीड़ित पक्ष ने दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

स्कॉर्पियो की टक्कर से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, पीड़ित राघवेंद्र सिंह उर्फ राजा सिंह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। स्कॉर्पियो सवार टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। राजा सिंह ने अपनी बाइक उठाकर घर लौटे और बाद में स्कॉर्पियो सवार की तलाश में निकल पड़े।

फायरिंग की घटना

राजा सिंह जब नावाडीह गांव के पास पहुंचे, तो मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बीच राजा सिंह ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी दोबारा उसी स्थान पर लौटे, जहां उन्होंने अपनी गिराई हुई मोटरसाइकिल उठाई और वहां से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।