चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब देखने को मिल रहा है। शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर तेल भराने के लिए लोगों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
पंपों पर लगी लंबी कतारें
बुधवार को पेट्रोल पंपों पर तेल लेने के लिए हाहाकार मच गया। वाहन चालकों के साथ-साथ ड्राइवर, क्लीनर और आम लोग भी डिब्बों के साथ लंबी लाइनों में खड़े हो गए। कई पंपों पर सुबह से ही भीड़ जमा हो गई थी। लोग घंटों इंतजार करने के बावजूद तेल न मिलने पर निराश लौट रहे हैं।
जरूरी कामकाज प्रभावित
वाहन चालकों का कहना है कि तेल की कमी से आवश्यक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई लोगों के जरूरी काम रुक गए हैं। स्कूल वाहनों, एंबुलेंस और मालवाहक गाड़ियों का संचालन ठप हो गया है। एक ट्रक चालक ने बताया कि वह दो घंटे से लाइन में खड़ा है, लेकिन तेल नहीं मिल रहा है, जिससे समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है।
प्रशासन से राहत की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक तेल की किल्लत ने उनके दैनिक जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बाजार में अफवाहों के कारण भी लोग ज्यादा तेल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे संकट और बढ़ गया है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई में कमी आई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति पर असर पड़ने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र व्यवस्था सुधारने और पर्याप्त तेल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।
