सरायकेला में साइकिल सवार को ट्रेलर ने मारी टक्कर
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित पुरुलिया-धनबाद मुख्य मार्ग NH-32 पर रविवार सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। पितकी गेट के पास तेज गति से आ रहे एक ट्रेलर (संख्या JH05 070607) ने साइकिल सवार कालिया गोप को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। ट्रेलर का अगला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनके एक पैर में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे पैर में भी गंभीर चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना बेहद भयावह थी और मौके पर उपस्थित लोग इस दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गए।
कालिया गोप की स्थिति गंभीर
स्थानीय लोगों ने तुरंत चांडिल स्टेशन स्थित आरपीएफ को घटना की सूचना दी। आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचकर ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया। घायल कालिया गोप को 108 एंबुलेंस के जरिए MGM अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। नीमडीह थाना पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और आरपीएफ ने चालक को नीमडीह पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, चिंगड़ीडीह गांव के निवासी 45 वर्षीय कालिया गोप सुबह राशन लेने गए थे और वापसी के दौरान इस दुर्घटना का शिकार हो गए।
परिवार पर आया संकट
बताया जा रहा है कि कालिया गोप अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं, जिनके दो पुत्र, एक पुत्री और वृद्ध मां हैं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पितकी गेट के पास यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले भी इस स्थान पर एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। लोग इस स्थान को ‘ब्लैक स्पॉट’ बताते हुए यहां स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चालक से पूछताछ की जा रही है।
