चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह लाली माटी जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला और अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जब वे अपने मवेशियों को जंगल चराने ले गए थे, तब उनकी नजर शव पर पड़ी। इसके बाद सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और प्रतापपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शव की स्थिति संदिग्ध, हत्या की आशंका
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शव की स्थिति बेहद खराब है, जिसमें करीब 30 से 50 प्रतिशत जलने के निशान हैं, लेकिन शव के पास आग लगने या जलाए जाने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। इससे स्पष्ट हो रहा है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई हो सकती है और शव को पहचान छिपाने के लिए जंगल में फेंका गया है।
पुलिस ने शुरू की पहचान की प्रक्रिया
प्रतापपुर थाना पुलिस शव की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल महिला की पहचान और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम और अन्य जांचों के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े तथ्यों का पता चल सकेगा।
