मुंबई: कान्स फिल्म फेस्टिवल, जो विश्व के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में से एक है, न केवल अपने उत्कृष्ट फिल्मों के लिए जाना जाता है, बल्कि अपने भव्य रेड कार्पेट के लिए भी प्रसिद्ध है। इस मंच पर अंतरराष्ट्रीय कलाकार अपनी विशेष उपस्थिति से सबका ध्यान आकर्षित करते हैं। कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 को लेकर फैंस में चर्चा तेज हो गई है, और भारतीय दर्शकों की निगाहें खासकर बॉलीवुड सितारों पर टिकी हुई हैं।
79वां कान्स फिल्म फेस्टिवल 12 मई से शुरू होकर 23 मई 2026 तक चलेगा। इस बार भी भारत से कई प्रमुख हस्तियों के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस बार केवल बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि पंजाबी, मराठी, गुजराती और मलयालम सिनेमा के कलाकार भी इस ग्लोबल इवेंट का हिस्सा बन सकते हैं।
ऐश्वर्या राय बच्चन पर सबकी नजरें
कान्स फिल्म फेस्टिवल का नाम लेते ही ऐश्वर्या राय बच्चन का नाम सबसे पहले याद आता है। पिछले कई वर्षों से वह इस अंतरराष्ट्रीय इवेंट का हिस्सा रही हैं। उनके रेड कार्पेट लुक्स हमेशा सोशल मीडिया पर ट्रेंड करते हैं और फैंस हर साल उनके नए अंदाज का बेसब्री से इंतजार करते हैं। सूत्रों की मानें तो इस बार भी ऐश्वर्या राय बच्चन रेड कार्पेट पर नजर आ सकती हैं, और वह एक अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी ब्रांड का प्रतिनिधित्व करेंगी। ऐसे में एक बार फिर उनके फैशन और स्टाइल की चर्चा समूचे विश्व में होने की संभावना है।
आलिया भट्ट की संभावित एंट्री
आलिया भट्ट भी उन सितारों में शामिल हैं जिनके कान्स 2026 में भाग लेने की चर्चा हो रही है। हाल के वर्षों में आलिया ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ जुड़ने के बाद उनकी लोकप्रियता में लगातार वृद्धि हुई है। फैंस इस बार आलिया को कान्स के रेड कार्पेट पर नए अवतार में देखने के लिए काफी उत्सुक हैं। माना जा रहा है कि आलिया इस बार अपने फैशन और ग्लैमर के साथ एक बड़ा सरप्राइज दे सकती हैं।
नए चेहरों का कान्स में डेब्यू
कान्स फिल्म फेस्टिवल में जिन नए चेहरों की चर्चा हो रही है, उनमें तारा सुतारिया का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तारा इस बार इस ग्लोबल इवेंट में अपना डेब्यू कर सकती हैं। इसके अलावा, पंजाबी सिनेमा का रंग भी इस बार कान्स में देखने को मिल सकता है, जहां पंजाबी अभिनेता और गायक एमी विर्क के भी इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में शामिल होने की संभावना है।
कान्स 2026 की एक विशेषता यह हो सकती है कि इस बार क्षेत्रीय सिनेमा से जुड़े कलाकारों को भी एक बड़ा मंच मिल सकता है। मराठी, गुजराती और मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के कई जाने-माने कलाकारों के शामिल होने की उम्मीद है।
