बोकारो इस्पात संयंत्र ने जीता 35वां नेशनल मैनेजमेंट गेम्स

बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के अधिकारियों ने 35वें नेशनल मैनेजमेंट गेम्स में राष्ट्रीय चैंपियन बनकर संयंत्र और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) का मान बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत के 150 से अधिक प्रमुख सार्वजनिक और निजी संस्थानों की टीमों ने भाग लिया। सेल, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी, आईओसीएल, एनएचपीसी, एलएंडटी और ओएनजीसी जैसी कई प्रमुख कंपनियों की टीमें इस प्रतियोगिता में शामिल हुईं। पांच कठिनाई भरे क्षेत्रीय चरणों के बाद, ग्रैंड फिनाले में देश की शीर्ष 19 टीमों ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए प्रतिस्पर्धा की।

प्रबंधक ओवैस अहमद की टीम का शानदार प्रदर्शन

बोकारो इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए हॉट स्ट्रिप मिल के वरिष्ठ प्रबंधक राहुल रंजन पंडा और सीएमएम-सीटीएस के वरिष्ठ प्रबंधक ओवैस अहमद की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। बिजनेस सिमुलेशन में उनकी रणनीतिक सोच, सही निर्णय लेने की क्षमता और वित्तीय प्रबंधन कौशल ने उन्हें राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब दिलाया। प्रतियोगिता में एनटीपीसी की टीमों ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि 2010 के बाद पहली बार सेल ने नेशनल मैनेजमेंट गेम्स का खिताब जीता है। उस समय भी विजेता टीम बोकारो इस्पात संयंत्र की थी।