जामताड़ा: भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बयानों पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री के बयानों को देशविरोधी करार देते हुए राज्यपाल को पत्र लिखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मिश्रा ने मंत्री के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें अंसारी ने राहुल गांधी के इशारे पर 40 लाख युवाओं के तैयार होने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि यह बयान गंभीर है और इसके पीछे विदेशी ताकतों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री से माफी की मांग

स्वास्थ्य मंत्री के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने के बयान पर भी मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी को खुद प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा नेता ने तंज करते हुए कहा कि मंत्री को पीएम से माफी मांगने का प्रयास करना चाहिए, भले ही उन्हें सफलता मिले या नहीं।

आदिवासी हितों की अनदेखी

हरिमोहन मिश्रा ने स्वास्थ्य मंत्री पर आदिवासी हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले में आदिवासी युवक सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवा रहे हैं, लेकिन मंत्री उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से आदिवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला उपाध्यक्ष दिलीप हेंब्रम, जिला मंत्री अनिता हांसदा और एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष उत्तम हेंब्रम समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।