चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में घायल युवक का इलाज के दौरान सदर अस्पताल में निधन हो गया। इस घटना में उसका साथी श्रीधर तिरिया गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, मझगांव के कदवाडीह निवासी 35 वर्षीय डेबरा पिंगुवा और 25 वर्षीय श्रीधर तिरिया बुधवार दोपहर एक बाइक पर सवार होकर अंधारी हट की दिशा में जा रहे थे। रास्ते में धनसारी के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया। यहां डेबरा पिंगुवा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि श्रीधर तिरिया का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी स्थिति स्थिर है, लेकिन चोटें गंभीर हैं। घटना की सूचना गुरुवार को सदर थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर मृतक डेबरा पिंगुवा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि बुधवार को डेबरा और श्रीधर एक ही बाइक पर अंधारी जा रहे थे, और धनसारी के पास बाइक पलटने के कारण दोनों गिर गए। उन्हें सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।
मामला दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने इस घटनाक्रम का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि हादसे का कारण बाइक का अनियंत्रित होना था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या हादसे के समय बाइक की गति अधिक थी। शव सौंपे जाने के बाद गांव में शोक का माहौल है।
