प्रतापगढ़ में पंचायत चुनाव की बैठक के दौरान हादसा, 2 की मौत, 14 घायल
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के रेणंदा गांव में पंचायत चुनाव की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे तिराबावजी मंदिर के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की बैठक के दौरान तेज हवा से उड़ा टेंट बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे में मृतकों की पहचान
जान गंवाने वालों की पहचान 57 वर्षीय अर्जुन, पुत्र अमरिया (डेमरीपाड़ा निवासी) और 45 वर्षीय मोहन, पुत्र गौतम (रेणंदा निवासी) के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों में से एक प्रकाश ने बताया कि बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद तेज हवा चलने लगी, जिससे टेंट उखड़कर बिजली की लाइन से टकरा गया।
एंबुलेंस की देरी पर ग्रामीणों का गुस्सा
घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन ग्रामीण शंभूलाल का आरोप है कि एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस वजह से कई घायलों को मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाना पड़ा। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि हादसे के बाद कोई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा, जिससे उनकी नाराजगी बढ़ गई।
