गढ़वा में पोल्ट्री फार्म में भीषण आग, 1500 मुर्गियां जलीं

गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र के भागोडीह गांव के छतवा टोला में स्थित एक पोल्ट्री फार्म में आग लगने से व्यापक नुकसान हुआ है। तैयब अंसारी के पोल्ट्री फार्म में लगी इस भीषण आग से लगभग 1500 देशी मुर्गियां जिंदा जल गईं। इसके अलावा, फार्म परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल, मुर्गियों का दाना और अन्य उपकरण भी आग की चपेट में आकर राख हो गए। इस अग्निकांड से पीड़ित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना रात के समय हुई, जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक पोल्ट्री फार्म से उठती आग की ऊंची लपटें देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आग ने तेजी से पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने की कोशिशें नाकाम रहीं।

आग के कारणों का पता नहीं चला

अग्निकांड के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फार्म में लगी आग की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया है, लेकिन आग लगने के सही कारणों की जानकारी अभी तक उपलब्ध नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर आग पर नियंत्रण पाया जाता, तो शायद नुकसान कम होता।