रामगढ़ : रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-33) पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे राज्य में शोक की लहर पैदा कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए इस हादसे को हृदयविदारक बताया। उन्होंने लिखा कि “रामगढ़ में NH-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद है।” सोरेन ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार जारी है।

नेता प्रतिपक्ष का शोक संदेश

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि “झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर हृदयविदारक और पीड़ादायक है।” मरांडी ने दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।