झारखंड में मौसम का बदलता मिजाज
झारखंड में 16 मई तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राजधानी रांची सहित बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जैसे दक्षिणी जिलों में भी बादल और वर्षा की संभावना बनी हुई है। संताल परगना के देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा।
15 और 16 मई को बारिश का दौर जारी
15 और 16 मई को झारखंड के अधिकांश भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 15 मई को उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर बाकी जिलों में गरज के साथ तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 16 मई को उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा और बादल तथा बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
