जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के व्यस्त बाजार से हाल ही में लापता हुई तीन साल की बच्ची आफरीन को पुलिस ने सफलतापूर्वक खोज निकाला है। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से बच्ची को बरामद किया। इस मामले में संलिप्त एक दंपति को भी गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि बच्चा चोरी के इस मामले का खुलासा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर किया।

खरीदारी के दौरान लापता हुई मासूम

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया गया कि 26 मई को उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती (हयात नगर) निवासी मो. इम्तियाज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ साकची बाजार में खरीदारी करने आए थे। इसी दौरान उनकी तीन वर्षीय पुत्री आफरीन अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कुछ पता नहीं चला, तो पीड़ित पिता ने साकची थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साकची थाना में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।

10 साल से संतान नहीं होने पर पैदा हुआ लालच

एसएसपी के निर्देश पर और सिटी एसपी ललित मीणा के मार्गदर्शन में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। एसआईटी ने घटनास्थल के आसपास के कई सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्धों से पूछताछ की। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के ग्राम-पुष्टि में छापेमारी की। वहां से आरोपी अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42 वर्ष) और उसकी पत्नी अफसाना बेगम (30 वर्ष) को पकड़ लिया गया, जिनके पास से बच्ची आफरीन को सुरक्षित बरामद किया गया। आरोपियों ने बताया कि शादी के 10 साल बीत जाने के बाद भी संतान न होने के कारण उन्होंने लालच में आकर साकची बाजार से बच्ची को चुराने का निर्णय लिया।

मोबाईल फोन जब्त, पुलिस टीम को सराहना

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो स्मार्टफोन भी जब्त किए हैं। इस सफल अभियान में शामिल 11 सदस्यीय टीम में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, एसआई अमित कुमार सिंह, हरि महतो, जितेन्द्र कुमार वर्मा, अभिनव कुमार, अमित कुमार चौधरी, सुजीत कुमार, एएसआई राजेश कुमार, बिरेन्द्र कुमार सिंह और प्रेमकांत मिश्रा शामिल थे। सिटी एसपी ने पूरी टीम की तत्परता और सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा की है।