छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन
रांची: पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) द्वारा 6 जुलाई 2026 को देश के सबसे बड़े ‘छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह खेलगांव स्थित हरवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में होगा। इस संबंध में शुक्रवार (12 जून) को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता, प्रवक्ता मेंहुल दूबे सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
65% या उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का सम्मान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आलोक कुमार दूबे ने बताया कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में JAC, CBSE और ICSE बोर्ड से 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 90 या 95 प्रतिशत अंक लाने वाले ही प्रतिभाशाली नहीं होते, बल्कि 65 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों में भी अपार संभावनाएं होती हैं। पासवा का उद्देश्य ऐसे सभी बच्चों को प्रोत्साहित करना है जो कुछ अंकों से पीछे रह गए हैं। यह समारोह पिछले 13 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि
इस भव्य समारोह की तैयारियाँ पासवा के मुख्य संरक्षक डॉ. रामेश्वर उरांव के मार्गदर्शन में चल रही हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय मंत्री दीपिका पांडे सिंह होंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री मुकुंद नायक उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त, झारखंड के 250 से अधिक विद्यालयों के प्रिंसिपल्स और डायरेक्टर्स भी इस समारोह में बच्चों को आशीर्वाद देने के लिए उपस्थित होंगे। कई अन्य राज्यों के पासवा प्रदेशाध्यक्ष भी रांची पहुँच रहे हैं।
आधिकारिक पोस्टर विमोचन
प्रेस वार्ता के समापन के बाद पासवा की पूरी टीम द्वारा छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव और प्रदेश महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि पूरी टीम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तत्पर है, और बच्चों में इसे लेकर भारी उत्साह है। पासवा ने सभी पात्र विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालयों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रजिस्ट्रेशन कराकर इस गौरवमयी कार्यक्रम का हिस्सा बनें।
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया
इस सम्मान समारोह में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से नि:शुल्क है। योग्य विद्यार्थी अपने मार्कशीट को निम्नलिखित व्हाट्सएप नंबरों या ईमेल आईडी पर भेजकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं:
- व्हाट्सएप नंबर: 9431109538, 9431114487, 7903714760, 8210351296
- ई-मेल आईडी: [email protected]
समारोह की शुरुआत 6 जुलाई को सुबह 9:30 बजे होगी, जहाँ बच्चों को सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
