चमोली में भू-धंसाव से 7 मजदूरों की मौत, झारखंड के दो श्रमिक भी शामिल
उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन टनल में भू-धंसाव के कारण हुए एक दुखद हादसे में अब तक सात मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। इस हादसे में झारखंड के दो श्रमिक भी शामिल हैं। यह घटना गुरुवार शाम लगभग सात बजे टीएचडीसी की विष्णुगढ़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में हुई। अचानक भू-धंसाव होने से सुरंग में भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिससे कई मजदूर फंस गए। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान रातभर 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से सात की मौत हो गई है, जबकि 14 मजदूरों का इलाज गोपेश्वर जिला अस्पताल में चल रहा है।
बचाव अभियान पर सीएम धामी की निगरानी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्तमान राहत एवं बचाव अभियान पर करीबी नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, टीआरटी टनल के भीतर अभी भी कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते बचाव कार्य जारी है। राज्य आपातकालीन सेवा के ड्यूटी ऑफिसर अनिल काला ने बताया कि अब तक 21 मजदूरों को निकाला गया है, जिनमें से सात की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। 14 मजदूरों का उपचार जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता सुरंग में फंसे सभी मजदूरों को सुरक्षित निकालना है।


