रांची में आयोजित प्रोफेशनल कॉन्क्लेव: “Think Jharkhand, Think Future”
ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड द्वारा रांची में “Think Jharkhand, Think Future” के तहत एक प्रोफेशनल कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ सहदेव ने किया, जबकि विषय प्रवेश सीए भुवनेश ठाकुर ने कराया। इस अवसर पर झारखंड के सामाजिक-आर्थिक विकास, रोजगार, उद्योग, शिक्षा, और प्रोफेशनल्स की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के. राजू, महासचिव, AICC एवं झारखंड का प्रभारी, डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद, और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उपस्थित रहे। इसके अलावा, नेता विधायक दल प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, अभिनेत्री एवं अधिवक्ता कुनिका सदानन्द, और अन्य गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के आरंभ में प्रोफेशनल्स कांग्रेस के पदाधिकारियों ने दिवंगत जैनेथ एंड्रू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
झारखंड की असली पूंजी: युवाओं और महिलाओं की प्रतिभा
कुनिका सदानन्द ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “झारखंड का सबसे बड़ा खनिज केवल कोयला या लोहा नहीं है, बल्कि यहां के बच्चे, युवा और महिलाएं हैं। स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा और अवसर की तलाश में लगे आदिवासी बच्चे वास्तव में इस राज्य की असली पूंजी हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि “झारखंड केवल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध नहीं है, बल्कि यहां की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। युवाओं को उचित अवसर, बेहतर शिक्षा और सही मंच प्रदान करने की आवश्यकता है, ताकि वे देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकें।”





