जिला चक्रधरपुर में अज्ञात महिला का कंकाल मिलने से हड़कंप

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित बर्टन लेक क्षेत्र में बुधवार को एक अज्ञात महिला का कंकाल मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे स्टेशन के पुराने मालगोदाम के निकट चल रहे निर्माण कार्य के दौरान यह कंकाल पाया गया। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। बताया गया है कि पुराने मालगोदाम के पास नए क्रू एंड गार्ड लॉबी भवन के निर्माण के लिए भूमि समतलीकरण का कार्य किया जा रहा था। इस प्रक्रिया के तहत निकाली गई मिट्टी को ट्रकों के माध्यम से बर्टन लेक की चारदीवारी के बाहर डंप किया जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रक से मिट्टी निकालते समय ब्लू प्लास्टिक में लिपटा एक कंकाल दिखाई दिया, जिसके बाद निर्माण कार्य को रोक दिया गया।

वैज्ञानिक जांच से होगी कंकाल की पहचान

पुलिस ने बताया है कि कंकाल की पहचान, उसकी उम्र और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी। अभी के लिए इस मामले को लेकर इलाके में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं जारी हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और अन्य रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले की असली स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।