झारखंड फ़िल्म फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ
रांची की सरला बिरला यूनिवर्सिटी (एसबीयू) में शुक्रवार को चित्रपट झारखंड द्वारा तीन दिवसीय झारखंड फ़िल्म फेस्टिवल-2026 का भव्य उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि डायरेक्टर जनरल प्रो. (डॉ.) गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. (डॉ.) जेगनाथन चोकलींगम और अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर फेस्टिवल की स्मारिका, चित्रपटल, का भी विमोचन किया गया। इस महोत्सव के लिए देशभर से 84 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 67 फिल्मों का चयन प्रदर्शन के लिए किया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस फेस्टिवल में झारखंड की संस्कृति, स्थानीय प्रतिभाओं और प्राकृतिक सौंदर्य पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
मुख्य अतिथि का संबोधन
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) गोपाल पाठक ने भारतीय सिनेमा की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दादा साहब फाल्के के समय से लेकर वर्तमान एआई युग तक पहुंच चुकी है। उन्होंने झारखंड को प्राकृतिक सौंदर्य और प्रतिभाओं से भरा हुआ राज्य बताते हुए फिल्म निर्माण में इसकी संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने चुटुपालू घाटी, जोन्हा फॉल, दशम फॉल और पत्रातु डैम जैसे स्थानों को उत्कृष्ट फिल्म शूटिंग के लिए उपयुक्त बताया और इन स्थानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही, उन्होंने सरला बिरला यूनिवर्सिटी में फिल्म मेकिंग सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त होगा और झारखंड का उभरता फिल्म उद्योग “जॉलीवुड” एक नई पहचान बना सकेगा।
