रामगढ़ जिले में जमीन विवाद ने लिया गंभीर मोड़

रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र में हुवाग पंचायत के सिमरिया टांड़ में मंगलवार को एक जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में गिरिडीह में तैनात सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल को लाठी, डंडे, ईंट और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, बालेश्वर पटेल हाल ही में खरीदी गई 11 डिसमिल जमीन पर बोरिंग के लिए समरसेबल लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान, जमीन पर दावा करने वाले दूसरे पक्ष ने विरोध किया, जो देखते ही देखते एक हिंसक झड़प में बदल गया। गंभीर रूप से घायल पटेल को रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने की कार्रवाई, कई लोगों को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सब-रजिस्ट्रार को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि दो पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। मृतक की पहचान गिरिडीह में तैनात सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल के रूप में हुई है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।