संत पैट्रिक स्कूल गुमला की बेटियों ने जीता सुब्रतो मुखर्जी कप
65वें सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग में संत पैट्रिक स्कूल गुमला की टीम ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब जीता है। इस ऐतिहासिक जीत से पूरे स्कूल परिवार में जश्न का माहौल है। फाइनल मुकाबला दिल्ली में आयोजित किया गया, जहां टीम ने अपने उत्कृष्ट खेल के साथ झारखंड का मान बढ़ाया। राष्ट्रीय चैंपियन बनने पर संत पैट्रिक स्कूल की विजेता टीम को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इस सफलता में खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच और गोलकीपर की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं ने किया झारखंड का गर्वित
स्कूल की छात्राओं ने यह साबित कर दिया है कि अगर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित अवसर, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलें, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। फाइनल मैच के दौरान दिल्ली के खेल मैदान में बसिया अनुमंडल के एलआरडीसी शेखर कुमार, स्कूल के एचएम फादर नाबोर मिंज, फादर रंजीत खलखो, साथ ही गुमला प्रशासन के अधिकारी और स्कूल के शिक्षक उपस्थित थे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी ऐतिहासिक जीत के साक्षी बने।


