जामताड़ा में ट्रेलर से हुई दुर्घटना में एक मजदूर की मौत
जामताड़ा थाना क्षेत्र के बासनली मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। यह घटना गुरुवार रात लगभग 10 बजे गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर हुई।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
जानकारी के अनुसार, दुमका से गोविंदपुर की ओर जा रहा ट्रेलर (WB 23 E 3439) एक ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दिया। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर पहिए के नीचे आ गया, जिसके कारण उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय उमेश महतो के रूप में की गई है। घटना के बाद ट्रेलर का चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। इस हादसे के कारण मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब चार घंटे तक गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, जिला नियंत्रण कक्ष की क्यूआरटी-02 और सीसीआर क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद ग्रामीणों को शांत कराया गया और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में बढ़ा दुख का साया
उमेश महतो अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी समेत तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। इस हादसे ने उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई है। इसके साथ ही, फतेहपुर से नारायणपुर के करमदहा मोड़ तक लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में ट्रॉमा सेंटर की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए गए हैं।
