हजारीबाग:
हजारीबाग में गोलीबारी से दहशत, महाकाल राहुल दुबे गैंग का नाम उभरा
हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने AK Palace होटल पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने घटनास्थल पर ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा एक पर्चा फेंका और फरार हो गए। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, दोनों अपराधी अपाचे बाइक पर सवार होकर होटल पहुँचे थे और उन्होंने होटल को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पर्चा बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
महाकाल राहुल दुबे गैंग की संलिप्तता की आशंका
पुलिस द्वारा बरामद पर्चे पर ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा हुआ है, जिसके बाद इस गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हजारीबाग के मटवारी में AK International होटल पर भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली थी। अब बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय कारोबारियों और लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है।
होटल संचालक को मिली थी धमकी
होटल संचालक वीरेंद्र रजक ने बताया कि घटना से लगभग 10 दिन पहले उन्हें केदार यादव नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर धमकी मिली थी। रजक का कहना है कि केदार यादव ने उन्हें होटल को लेकर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। इस संदर्भ में रजक ने आशंका जताई कि इसी धमकी के चलते उनके होटल पर फायरिंग कराई गई है। केदार यादव पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी थे और वर्तमान में कांग्रेस से जुड़े होने की जानकारी मिली है। हालांकि, इस मामले में उनकी भूमिका की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
