टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में तकनीकी खराबी
दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में तकनीकी खराबी से कार्य प्रभावित हुए हैं। सर्वर में गड़बड़ी के कारण माइक्रोसॉफ्ट-365, आउटलुक, टीम्स और कोपायलट की सेवाएं 12 घंटे से अधिक समय तक बाधित रहीं। इस समस्या के चलते सरकारी विभागों, बैंकों, अदालतों और विमानन सेवाओं के कामकाज पर असर पड़ा है। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं और समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास जारी हैं। भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका समेत 74 देशों में इस तकनीकी गड़बड़ी का असर देखने को मिला।
शिकायतों की बाढ़
डाउनडिटेक्टर के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे शुरू हुई तकनीकी समस्या को लेकर 1.40 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इस गड़बड़ी के कारण ट्रेडिंग कंपनियों को सौदों की पुष्टि करने, उद्योगों को वित्तीय नतीजे जारी करने और विमान कंपनियों को यात्रियों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने में परेशानी हुई। जापान और सिंगापुर में सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुआ, जबकि फिलीपींस के सुप्रीम कोर्ट की संचार व्यवस्था बाधित रही। ऑस्ट्रेलिया में खुफिया एजेंसी और पुलिस के कामकाज पर भी इसका असर पड़ा।
वैकल्पिक उपायों की आवश्यकता
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बाधित होने के कारण यूरोप के स्टॉक एक्सचेंज ऑपरेटर यूरोनेक्स्ट को शेयर बाजार में हुए सौदों की पुष्टि फैक्स के जरिए करनी पड़ी। डेनमार्क की शिपिंग कंपनी मर्स्क की ईमेल सेवा भी प्रभावित हुई। एआई कंपनियों ओपनएआई और एंथ्रोपिक ने भी कनेक्टर में गड़बड़ी के कारण अपने कामकाज पर असर पड़ने की पुष्टि की। ताइवान में शेयर और बीमा बाजार भी प्रभावित हुए हैं, जबकि अमेरिकी ट्रक निर्माता वर्कहॉर्स ग्रुप ने अपने वित्तीय नतीजे जारी करने की तारीख बदल दी।
