जमशेदपुर: छठ महापर्व से पहले जमशेदपुर के घोड़ाबंधा पंचायत में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया। शनिवार को जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने तीन स्थानों पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
विकास कार्यों का उद्घाटन
लोकार्पण के तहत स्वभूमि ग्रीन वैली दुर्गा मंडप स्थित छठ घाट, आनंद विहार छठ घाट और खारंगाझाड़ गणेश मंदिर परिसर में किए गए कार्यों को शामिल किया गया। खारंगाझाड़ मंदिर परिसर में पेवर्स ब्लॉक बिछाने और नाली निर्माण का कार्य भी पूरा किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
छठ व्रतियों के लिए सुविधाएं
विधायक मंगल कालिंदी ने उद्घाटन के बाद कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि छठ घाटों पर सुविधाओं का विस्तार होने से व्रतियों को पर्व के दौरान सहूलियत मिलेगी। जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने भी विकास योजनाओं को जनता की मांग और जरूरतों के अनुसार लागू करने का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में धर्मेंद्र सिंह, विक्रम गोराई, रजत कुमार, रूबी ठाकुर, सतवीर सिंह बग्गा और रामनवमी सिंह समेत स्थानीय वार्ड सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
