चाईबासा : चक्रधरपुर-सोनुवा मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई। तेज गति से आ रही एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने मोपेड को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक घटना स्थल से फरार हो गया।
निजी कार्य से लौट रहे थे दोनों युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटुवां पदमपुर निवासी ओएबन बोदरा (22 वर्ष) और दर्शना बोदरा (20 वर्ष) मोपेड से लौड़िया गांव गए थे। रात करीब 9:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी सोनुवा रोड स्थित मनोज गैरेज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
अस्पताल में एक को मृत घोषित किया गया
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों को अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ओएबन बोदरा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दर्शना बोदरा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर तथा अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
गांव में शोक का माहौल
ओएबन बोदरा की मौत की सूचना से कोटुवां पदमपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार चालक को जल्द पकड़ा जाए और सड़क पर तेज गति से चलने वाले वाहनों पर रोक लगाई जाए।
