नई दिल्ली: आज शाम 07:30 बजे आईपीएल के 36वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच का यह मुकाबला महत्वपूर्ण और रोमांचक रहने की उम्मीद है। हालांकि, इस मैच से पहले फैंस के बीच सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी को लेकर चर्चाएँ तेज हैं।

हाल ही में खबरें आई हैं कि एसआरएच के नियमित कप्तान पैट कमिंस की वापसी हो रही है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या ईशान किशन को कप्तानी से हटा दिया जाएगा। इस विषय पर एक पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने अपनी राय रखी है कि ईशान को कप्तानी का पद बनाए रखना चाहिए।

ईशान किशन को कप्तानी जारी रखनी चाहिए

राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कमिंस की वापसी के बाद टीम नेतृत्व में संभावित बदलाव पर विचार व्यक्त किया है। उनके अनुसार, ईशान किशन को कप्तानी जारी रखनी चाहिए, क्योंकि उनकी अगुवाई में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है और स्थिरता भी दिखाई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस बदलाव की संभावना कम है।

आकाश चोपड़ा ने कहा, “हैदराबाद, कमिंस वापस आ गए हैं। अब एक बड़ा सवाल खड़ा होता है। दिलशान मदुशंका बाहर जाएंगे और कमिंस अंदर आएंगे। मेरी इच्छा थी कि ईशान कप्तानी जारी रखें। जब सब कुछ ठीक चल रहा है तो उन्हें क्यों हटाया जाना चाहिए? उन्हें कप्तानी करने दीजिए, लेकिन मुझे ऐसा होता नहीं दिख रहा। मुझे लगता है कि वहां बदलाव होगा। कमिंस आएंगे और कप्तानी करेंगे।”

7 मैच- 4 जीत

आकाश चोपड़ा ने यह भी बताया कि ईशान किशन ने कार्यवाहक कप्तान के रूप में पहले सात मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस दौरान टीम ने चार मैचों में जीत हासिल की है, जिसके फलस्वरूप टीम के पास कुल आठ अंक हैं। यही कारण है कि टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर स्थित है।