रांची: झारखंड में अत्यधिक गर्मी और लू के प्रभाव से परेशान लोगों को अब राहत मिलने लगी है। बुधवार से मौसम में बदलाव आया है और राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिली है। केवल मेदिनीनगर को छोड़कर, अन्य जिलों में मौसम पहले की तुलना में अधिक सुखद हो गया है। कई क्षेत्रों में बारिश हुई है और ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम में यह बदलाव बना रहेगा। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है, साथ ही वज्रपात और बारिश की भी उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में और गिरावट आएगी।
कई जिलों में हुई बारिश
बुधवार को झारखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। खूंटी में सर्वाधिक 30 मिमी बारिश हुई, जबकि बोकारो में 16 मिमी और जमशेदपुर में लगभग 5 मिमी बारिश हुई। राजधानी रांची में भी कई क्षेत्रों में हल्की और छिटपुट बारिश देखी गई। बारिश के बाद मौसम काफी सुखद हो गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
मेदिनीनगर अब भी सबसे गर्म
हालांकि, मेदिनीनगर में तापमान में वृद्धि अभी भी जारी है। वहां 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे बुधवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक है। वहीं, रांची में तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि एक-दो दिनों में मेदिनीनगर के तापमान में भी कमी आने की संभावना है।
दो टर्फ सिस्टम का दिख रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में इस बदलाव के पीछे दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन या टर्फ जिम्मेदार हैं। एक टर्फ उत्तरी बिहार से तेलंगाना की ओर जा रहा है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश से ओडिशा की ओर सक्रिय है। इसी प्रणाली के कारण झारखंड में दक्षिण-पूर्व दिशा से हवा चल रही है, जिससे मौसम में बदलाव आ रहा है और गर्मी का प्रभाव कम हो रहा है।
दो जून तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 28 और 29 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर अन्य स्थानों पर तेज गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। कई स्थानों पर बारिश भी हो सकती है। 30 मई को उत्तर-पश्चिमी जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की भी संभावना है। वहीं, 31 मई से 2 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज आंधी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है और सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुली जगहों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रखें। लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
