चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र में मिलन चौक पर शुक्रवार शाम को एक मामूली मजाक के चलते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इस घटना में मिलन चौक निवासी चंद्रमोहन गोप (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। चंद्रमोहन ने बताया कि वह दिनभर की मजदूरी के बाद रोज की तरह पास की दुकान पर सामान खरीदने गए थे।

वहां उनकी बातचीच करूआ बस्ती के निवासी कालू करूआ से शुरू हुई, जो हाल ही में तमिलनाडु से वापस लौटे थे और तमिल में कुछ बोल रहे थे। चंद्रमोहन ने इसे मजाक में लिया और उसी अंदाज में उत्तर दिया, जिससे कालू अचानक गुस्से में आ गए। आरोप है कि कालू ने अपने पास रखे धारदार चाकू से चंद्रमोहन के गले पर हमला कर दिया। वार इतना तेज था कि चंद्रमोहन का गला आंशिक रूप से कट गया और वह वहां ही खून बहाने लगे।

स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, बची जान

इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत चंद्रमोहन को सेल किरीबुरू अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच गई। अस्पताल के चिकित्सकों ने त्वरित उपचार शुरू किया और अब उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की जा रही संभावित ठिकानों पर छापेमारी

घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार ने अस्पताल जाकर घायल का बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी और मामले की जांच के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है।

लोगों ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की

इस घटना के बाद मिलन चौक और करूआ बस्ती क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की अपील की है। उनका कहना है कि मामूली विवादों पर बढ़ती हिंसा एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है।